उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, 250 हज यात्रियों को लेकर लखनऊ पहुंचा अरेबियन एयरलाइंस का विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गया। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि लैंडिंग के दौरान विमान के अगले हिस्से से चिंगारियां निकलीं और धुआं भी उठता दिखा।

वक्त रहते टला बड़ा हादसासबसे राहत की बात यह रही कि समय रहते चिंगारी पर काबू पा लिया गया और स्थिति को बिगड़ने से पहले ही काबू कर लिया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पायलट ने सबसे पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल को पहिए में तकनीकी खराबी और चिंगारी की जानकारी दी। इसके तुरंत बाद एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। आग फैलने से पहले ही फोम और पानी का छिड़काव कर चिंगारी को बुझा दिया गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद स्थिति को पूरी तरह सामान्य होने में करीब 20 मिनट का समय लगा।
मिली जानकारी के अनुसार, अरबिया एयरलाइंस के विमान ने रात 11.30 बजे जेद्दा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। बड़ा हादसा टलने के बाद विमान को पुश बैक करके टैक्सी वे पर लाया गया। इसके बाद इंजीनियरों की टीम ने विमान की जांच की। हालांकि यह पता नहीं चल सका कि क्या तकनीकी खामी आई थी।